भोपाल, 12 नवम्बर 2025।
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आज SIR (Special Intensive Revision) प्रक्रिया को लेकर गठित प्रदेश समन्वय समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी श्री हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष श्री उमंग सिंघार, प्रदेश कांग्रेस सह-प्रभारी श्री संजय दत्त, समिति अध्यक्ष श्री सज्जन सिंह वर्मा, संगठन महामंत्री डॉ. संजय कामले, संगठन उपाध्यक्ष सुखदेव पांसे, कनेक्ट सेंटर प्रभारी राजीव सिंह, वरिष्ठ नेता जेपी धनोपिया सहित समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में SIR प्रक्रिया के दौरान चुनाव आयोग द्वारा उत्पन्न खामियों, तकनीकी गड़बड़ियों और इस प्रक्रिया में कांग्रेसजनों की जिम्मेदारी एवं रणनीति पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
70% क्षेत्रों में अधूरी SIR प्रक्रिया — पटवारी
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी ने कहा कि भारत सरकार द्वारा लागू की गई SIR प्रक्रिया में लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं।
उन्होंने कहा, “4 नवम्बर से BLA को घर-घर जाकर सत्यापन कार्य करना था, लेकिन लगभग 70 प्रतिशत स्थानों पर यह काम अधूरा है। शासन, निर्वाचन आयोग और प्रशासनिक अधिकारी अपने दायित्वों का समय पर निर्वहन नहीं कर रहे हैं।”
पटवारी ने बताया कि पिछले 9 दिनों से प्रदेशभर में रोज़ाना SIR प्रक्रिया से जुड़ी नई शिकायतें मिल रही हैं। कांग्रेस पार्टी अब तक पाँच बार प्रतिनिधिमंडल के रूप में चुनाव आयोग से मुलाकात कर चुकी है, लेकिन समस्याएँ जस की तस बनी हुई हैं।
“SIR प्रक्रिया की गति अन्यायपूर्ण” — कांग्रेस
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग जिस ढंग से SIR प्रक्रिया चला रहा है, वह देश के आम नागरिकों के साथ अन्याय है।
पटवारी ने कहा, “कांग्रेस पार्टी यह सुनिश्चित करेगी कि किसी भी मतदाता का नाम वोटर लिस्ट से न कटे।”
कांग्रेस की तैयारी तेज
श्री पटवारी ने जानकारी दी कि पार्टी ने विधानसभा-वार प्रभारी और BLA नियुक्त कर दिए हैं, जिनकी ऑनलाइन ट्रेनिंग शीघ्र प्रारंभ की जाएगी।
उन्होंने चुनाव आयोग से यह भी मांग की कि —
-
कांग्रेस के सभी BLA को 2003 और 2024 की मतदाता सूची उपलब्ध कराई जाए।
-
जिन मतदाताओं के नाम पहले सूची में थे, उनके माता-पिता और पूर्ववर्ती रिकॉर्ड भी प्रदान किए जाएँ।
-
SIR प्रक्रिया में हुई अनियमितताओं का तत्काल सुधार किया जाए।
“बीजेपी के षड्यंत्र को नाकाम करेंगे”
श्री पटवारी ने कहा, “कांग्रेस पूरी तरह सजग है। किसी भी नागरिक का वोट कटने नहीं देंगे। बीजेपी के षड्यंत्र को नाकाम करेंगे। प्रदेश के 1000 से अधिक ब्लॉकों में कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता सक्रिय हैं। हर ब्लॉक में ड्यूटी लगाई गई है ताकि किसी भी नागरिक के साथ अन्याय न हो।”

